Breaking
13 Jun 2026, Sat

झाड़-फूंक के झांसे में फंसा व्यापारी, 2.50 लाख से भरा बैग लेकर उड़ गए शातिर व्यापार विहार में दिनदहाड़े ठगी से मचा हड़कंप, CCTV में कैद हुए संदिग्ध बाइक सवार, पुलिस संगठित गिरोह के एंगल पर जांच में जुटी, व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल…

बिलासपुर,,,,  शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों में शामिल व्यापार विहार में गुरुवार को दिनदहाड़े ठगी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है! जहाँ दो शातिर बदमाशों ने झाड़-फूंक और तबीयत ठीक करने का झांसा देकर एक व्यापारी को अपनी बातों में उलझाया और करीब 2 लाख 50 हजार रुपये नकद से भरा बैग लेकर फरार हो गए… घटना के बाद व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है! और व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है! जानकारी के अनुसार नवागढ़ निवासी व्यापारी जनक प्रसाद साहू अपने पुत्र उमेश कुमार साहू के साथ कृषि उत्पादों की खरीदारी के लिए व्यापार विहार आए थे… वे अपने साथ बड़ी नकद राशि लेकर पहुंचे थे… जिससे उन्हें थोक बाजार से लहसुन, प्याज और अन्य कृषि उत्पाद खरीदने थे… खरीदारी के बाद दोनों अंडा चौक क्षेत्र की ओर जा रहे थे… तभी पहले से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया…
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने बेहद चालाकी से व्यापारी के पास पहुंचकर बातचीत शुरू की… उन्होंने व्यापारी को विश्वास में लेते हुए किसी प्रकार की झाड़-फूंक और स्वास्थ्य संबंधी समस्या दूर करने का दावा किया…. बातचीत के दौरान दोनों बदमाशों ने व्यापारी का ध्यान भटकाया और उन्हें कुछ कदम आगे चलने के लिए कहा… इसी बीच मौका पाकर एक आरोपी ने नकदी से भरा बैग उठा लिया और साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया…

देखें वीडियो..

घटना इतनी तेजी से हुई कि व्यापारी और उनका पुत्र कुछ समझ ही नहीं पाए। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर आरोपी कुछ ही पलों में आंखों से ओझल हो गए।

सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस..

घटना की जानकारी मिलते ही तारबहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित व्यापारी से विस्तृत पूछताछ की। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी काफी देर से व्यापारी का पीछा कर रहे थे और उन्हें यह जानकारी थी कि उनके पास बड़ी नकद राशि मौजूद है।

पुलिस ने व्यापार विहार, अंडा चौक और आसपास के मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। कुछ फुटेज में संदिग्ध बाइक सवारों की गतिविधियां दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस इन्हीं सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

संगठित गिरोह की आशंका..

पुलिस सूत्रों का मानना है कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी किसी संगठित ठग गिरोह के सदस्य हो सकते हैं, जो भीड़भाड़ वाले बाजारों में नकदी लेकर आने वाले लोगों को निशाना बनाते हैं। इस तरह के गिरोह पहले लोगों का विश्वास जीतते हैं और फिर बातों में उलझाकर या ध्यान भटकाकर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार हो जाते हैं।

व्यापारियों में नाराजगी, सुरक्षा बढ़ाने की मांग..

दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद व्यापार विहार के व्यापारियों में नाराजगी और चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में रोजाना करोड़ों रुपये का कारोबार होता है और बड़ी संख्या में व्यापारी नकद राशि लेकर आते-जाते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।

व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा सीसीटीवी नेटवर्क को और प्रभावी बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

पुलिस का दावा – जल्द होंगे आरोपी गिरफ्तार..

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। संदिग्धों के संभावित भागने के मार्गों की भी जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

व्यापार विहार जैसे संवेदनशील और व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में हुई इस वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर अपराधी इतनी आसानी से लोगों को अपना शिकार बनाकर फरार कैसे हो जा रहे हैं। फिलहाल व्यापारी वर्ग आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग कर रहा है।

Author Profile

प्रधान संपादक -हरबंश सिंह होरा
Latest entries

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed