Wed. Oct 28th, 2026

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने बेलतरा विधानसभा क्षेत्र को दी सौगात,,लगभग 15 करोड़ के 94 विकास कार्यो का किया भूमिपूजन

बिलासपुर, 8 जुलाई उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरूण साव ने आज बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र में शामिल वार्डों के विकास के लिए 14 करोड़ 73 लाख रूपये के 94 विकास कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। जिला खेल परिसर में आयोजित समारोह की अध्यक्षता विधायक सुशांत शुक्ला ने की। शुक्ला के विशेष प्रयासों से पन्द्रहवें वित्त आयोग, अधोसंरचना मद एवं निकाय मद के अंतर्गत ये तमाम विकास कार्य स्वीकृत किये गये हैं। अधिकांश स्वीकृत कार्य सीसी रोड एवं नाली निर्माण तथा स्ट्रीट लाईट से संबंधित हैं। उप मुख्यमंत्री साव एवं विधायक सुशांत ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत खेल परिसर में नीम के पौधे भी लगाये।
मुख्य अतिथि की आसंदी से उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच सालों में पहली बार विकास कार्यों के लिए लगभग 15 करोड़ की एकमुश्त राशि मिली है। हमारी सरकार नगरीय क्षेत्रों के विकास के लिए संकल्पबद्ध है। शहरों के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी। जनभावना के अनुरूप तमाम विकास कार्य होंगे। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री से गत दिनों मुलाकात हुई। जल्द ही और आवंटन मिलने की संभावना है ताकि हर जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्ति को रहने के लिए पक्का छत मिल सके। उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत सभी को पेड़ लगाने का आह्वान किया। इसे बड़े होते तक सहेजने की भी अपेक्षा की है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि 15 करोड़ के विकास कार्यों की शुरूआत तो एक ट्रेलर है। पूरी तस्वीर आना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री जी शहर की समस्याओं से अवगत हैं। धीरे-धीरे पूरी समस्याओं का समाधान होगा। इससे शहर की दशा एवं दिशा जरूर बदलेगी। नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह, जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत, जिला पंचायत सीईओ रामप्रसाद चौहान, प्रभारी डीएफओ अभिनव कुमार सहित विभिन्न वार्डों के पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार ज्ञापन मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा ने किया।

Author Profile

प्रधान संपादक -हरबंश सिंह होरा
Latest entries

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You Missed